दून में छात्र गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप, एक युवक घायल

एसजीआरआर विवि के पास विवाद के बाद शिमला बाईपास तक पीछा, दूसरी बार चली गोली
देहरादून। पटेलनगर इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार दोपहर युवकों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। एसजीआरआर विश्वविद्यालय और दैनिक जागरण कार्यालय के पास आइटीएस कॉलेज रोड पर ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद एक गुट ने कार सवार युवकों का पीछा किया और शिमला बाईपास स्थित सेंट जूड चौक के पास दोबारा फायरिंग की गई। इस घटना में साहिल नाम का युवक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे साहिल, सुजल, दक्ष, अंशुल, आदित्य और विशाल आइटीएस कॉलेज वाली रोड पर मौजूद थे। इसी दौरान गुरमीत अपने कुछ साथियों के साथ स्विफ्ट कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि कार से उतरने के बाद युवकों की ओर फायरिंग की गई। अचानक गोलियां चलने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पहली फायरिंग में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद गुरमीत और उसके साथी कार लेकर मौके से निकल गए। इसके बाद दूसरे पक्ष के युवकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए दोनों पक्ष शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट जूड चौक के पास पहुंचे। यहां एक बार फिर गोली चलने का आरोप है। इस दौरान साहिल घायल हो गया। उसे तत्काल इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। साहिल को सीधे गोली लगी है या छर्रे से चोट आई है, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
पहले दोस्त थे, विवाद के बाद बढ़ी रंजिश
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के कुछ युवक पहले एक-दूसरे के संपर्क में रहे हैं। पिछले कुछ समय से गुरमीत का आदित्य, सुजल और अंशुल के साथ विवाद चल रहा था। माना जा रहा है कि इसी विवाद ने गुरुवार को फायरिंग का रूप ले लिया। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और फायरिंग के पीछे की पूरी कहानी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
कार और सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही स्विफ्ट कार का नंबर एचआर 51 एजी 0890 बताया गया है। पुलिस कार की लोकेशन और आरोपित युवकों की तलाश में जुटी है। इसके साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हथियार का भी पता लगाया जा रहा है।
एक ही घटनाक्रम में दो स्थानों पर फायरिंग से पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कितने युवक शामिल थे और दोनों पक्षों के बीच पहले से किस बात को लेकर विवाद चल रहा था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जल्द ही पूरे मामले की तस्वीर साफ करने में जुटी है।



