Breaking Newsउत्तराखंडशिक्षा
Trending

जीवन कौशल से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव : विशेषज्ञ

एडिफाई वर्ल्ड स्कूल, देहरादून में आयोजित किया गया “लाइफ स्किल्स (बेसिक)” विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम 

देहरादून। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ आत्मविश्वासी, निर्णयक्षम और बेहतर संवाद करने वाला बनाने के लिए शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से एडिफाई वर्ल्ड स्कूल, देहरादून में “लाइफ स्किल्स (बेसिक)” विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के 60 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में शिक्षकों को जीवन कौशल की अवधारणा और इसे विद्यार्थियों के व्यक्तिगत, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास से जोड़ने की व्यावहारिक तकनीकों से अवगत कराया गया। विभिन्न सत्रों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या-समाधान, प्रभावी संवाद, सहयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण जैसे महत्वपूर्ण कौशलों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूजा नैथानी और नवनीत बिजलवान ने संयुक्त रूप से किया। संवादात्मक चर्चाओं, गतिविधियों और उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को बताया गया कि जीवन कौशल को विद्यार्थियों के रोजमर्रा के शिक्षण-अधिगम का हिस्सा कैसे बनाया जा सकता है। शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न विषयों पर सक्रिय सहभागिता की।

प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की व्यावहारिक और संवादात्मक कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे पेशेवर ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने का उपयोगी मंच बताया।

समापन अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर और प्रधानाचार्य प्रदीप गौड ने प्रतिभागी शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का निरंतर व्यावसायिक विकास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।

कार्यक्रम ने विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को आपसी अनुभव साझा करने, एक-दूसरे से सीखने और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button