देहरादून में लॉन्च हुआ भक्तिद्वार OTT, अनूप जलोटा ने भजनों से बांधा समां

11 रुपये के मासिक सब्सक्रिप्शन पर मिलेगा भजन और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का मंच
नैनीताल में जन्म की बात साझा कर अनूप जलोटा ने जताया उत्तराखंड से जुड़ाव
देहरादून। डिजिटल दौर में भक्ति और अध्यात्म को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में देहरादून से एक नई पहल शुरू हुई है। शनिवार को भक्तिद्वार टेलीविजन OTT का भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह में पद्मश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। उनके भजनों की मधुर प्रस्तुतियों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। वहीं, उत्तराखंड से अपने भावनात्मक रिश्ते का जिक्र करते हुए अनूप जलोटा ने कहा, “मेरा जन्म नैनीताल में हुआ है, मैं भी उत्तराखंड का हूं।” उनके इस बयान ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया। अनूप जलोटा ने अपने लोकप्रिय भजनों ‘ऐसी लागी लगन’, ‘राम आएंगे’ और ‘गोविंद जय जय’ की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भक्तिरस में डुबो दिया।
समारोह से पहले अनूप जलोटा ने देहरादून में ही भक्तिद्वार OTT के आगामी शो ‘कर्मों का फल’ की शूटिंग भी की। इस शो के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि मनुष्य को उसके कर्मों के अनुरूप ही परिणाम प्राप्त होते हैं।
भक्तिद्वार टेलीविजन OTT के संस्थापक एवं संचालक दिनेश असोपा ने कहा कि इस डिजिटल मंच के जरिए भजन, धार्मिक कार्यक्रमों और आध्यात्मिक विषयों से जुड़ी सामग्री दर्शकों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ऐप डाउनलोड कर इस पहल से जुड़ने की अपील की। खास बात यह है कि ऐप का मासिक सब्सक्रिप्शन महज 11 रुपये रखा गया है, जिससे आम दर्शक भी आसानी से इससे जुड़ सकें।
समारोह में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सिंह सोनी, उत्तराखंड सरकार की संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट और राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद के उपाध्यक्ष विनोद उनियाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सामाजिक कार्यकर्ता साधना शर्मा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
इस मौके पर दिनेश असोपा की पत्नी रीना असोपा, बेटी निकिता असोपा, अभिनेत्री जया पांडे, भक्तिद्वार की क्रिएटिव हेड भावना शर्मा और निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती भी उपस्थित रहे। करीब तीन दशक से टेलीविजन और फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में सक्रिय जयदेव चक्रवर्ती ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया।
भक्तिद्वार OTT की शुरुआत को धार्मिक और सांस्कृतिक सामग्री के लिए एक नए डिजिटल मंच के रूप में देखा जा रहा है। आयोजकों का उद्देश्य भक्ति और सनातन परंपराओं से जुड़ी सामग्री को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों, खासकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।



