
माया देवी विश्वविद्यालय में आयोजित संगोष्ठी में संवैधानिक अधिकारों और महिला सशक्तीकरण पर हुई चर्चा
देहरादून। माया देवी विश्वविद्यालय में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और शैक्षणिक संस्थानों में जेंडर चैंपियंस की भूमिका को प्रभावी बनाने पर संगोष्ठी आयोजित की गई। 18 नवंबर को विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ एजुकेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 15 के तहत लैंगिक समानता और शैक्षणिक संस्थानों में जेंडर चैंपियंस के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें विभिन्न संकायों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार श्रीमती अंबिका जुयाल रहीं। इस अवसर पर स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के डीन डॉ. रमेश जुयाल और IQAC डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) संजीव सेठ भी मौजूद रहे।
संगोष्ठी के पहले तकनीकी सत्र में स्कूल ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य डॉ. सीता जुयाल ने मुख्य वक्ता के रूप में जेंडर चैंपियंस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में जेंडर चैंपियंस की सक्रिय भागीदारी से विद्यार्थियों में लैंगिक संवेदनशीलता विकसित की जा सकती है। इससे भेदभाव और रूढ़िवादी सोच को दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि भावी पीढ़ी को समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाना भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
दूसरे तकनीकी सत्र में स्कूल ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज के डीन प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार दीक्षित ने संविधान के अनुच्छेद 15 के कानूनी और संवैधानिक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने भेदभाव निषेध से जुड़े प्रावधानों को समझाते हुए महिलाओं के अधिकारों और उनके कानूनी संरक्षण पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बाहरी रिसोर्स पर्सन डॉ. मोनिका शर्मा गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जुड़ीं। उन्होंने विद्यार्थियों को विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए लैंगिक समानता के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
संगोष्ठी में महिला सशक्तीकरण, संवैधानिक अधिकार, सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण और जेंडर चैंपियंस के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने इन विषयों पर सक्रिय रूप से अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का आयोजन बीएड विभाग की फैकल्टी डॉ. कल्पना विश्नोई, डॉ. शबनम खान, डॉ. मुकेश सिंह नेगी और श्रीमती नम्रता सेमवाल के संयोजन में किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


