Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

उत्तराखंड में दो भीषण सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत, 31 घायल

रुद्रप्रयाग में बारातियों की जीप खाई में गिरी, 4 की मौके पर मौत

टिहरी के गूलर में नदी के गदेरे में समाई यात्री बस, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

देहरादून। उत्तराखंड में आठ घंटे के भीतर हुए दो बड़े सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। रुद्रप्रयाग और टिहरी जिले में हुए इन हादसों में कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। हादसों के बाद दोनों स्थानों पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। दुर्घटनाओं पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

पहला हादसा सोमवार रात रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में हुआ। पोखरी में विवाह समारोह संपन्न होने के बाद बारातियों को लेकर लौट रही एक जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल रेफर किया गया।

दूसरा हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के समीप हुआ। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। बस में कुल 34 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हुए।

बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके चलते यात्रियों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों में 18 को एम्स ऋषिकेश और सात को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के अनुसार मौके पर रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है।

इन हादसों पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिहरी दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुर्घटना में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button