साइकिल के पैडल से सेहत का संदेश, बाल दिवस पर 36 किमी की जागरूकता राइड

बाल दिवस पर बच्चों संग 36 किमी साइकिल राइड, मधुमेह के प्रति भी किया जागरूक
देहरादून साइक्लिंग क्लब की पहल, मोबाइल स्क्रीन से दूर रहकर खेलकूद और नियमित व्यायाम अपनाने का दिया संदेश
देहरादून। बाल दिवस और विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 36 किलोमीटर लंबी साइकिल राइड आयोजित की। शनिवार सुबह पांच बजे प्रेमनगर से शुरू हुई इस राइड में वरिष्ठ साइकिलिस्टों के साथ विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राइड प्रेमनगर से नंदा की चौकी, फुलसनी, आमवाला चौकी और धौलास चौकी होते हुए वापस प्रेमनगर पहुंचकर संपन्न हुई। इसका नेतृत्व वरिष्ठ साइकिलिस्ट सुरेंद्र कुमार और जयन्ती प्रसाद गौड़ ने किया।
इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार ने कहा कि बाल दिवस पर बच्चों के साथ यह राइड क्लब की ओर से उनके प्रति प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। आज बच्चे मोबाइल, टीवी और अन्य डिजिटल माध्यमों पर अधिक समय बिता रहे हैं। ऐसे में साइक्लिंग उन्हें स्क्रीन टाइम कम करने के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का बेहतर माध्यम है। उन्होंने बच्चों को जिज्ञासु बनने और लगातार सवाल पूछकर सीखने के लिए भी प्रेरित किया।
वरिष्ठ साइकिलिस्ट जयन्ती प्रसाद गौड़ ने विश्व मधुमेह दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गलत खानपान, फास्ट फूड का अधिक सेवन, व्यायाम की कमी और अनियमित दिनचर्या मधुमेह के प्रमुख जोखिम कारक हैं। चिंता की बात है कि युवा वर्ग भी इस बीमारी की चपेट में आ रहा है। उन्होंने बच्चों और साइकिलिस्टों को टाइप-1 एवं टाइप-2 मधुमेह की जानकारी देते हुए नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने वरिष्ठ साइकिलिस्टों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि साइक्लिंग के माध्यम से मधुमेह के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना सराहनीय पहल है। साइक्लिंग केवल व्यायाम या खेल नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम है।
राइड में सुरेंद्र कुमार, जयन्ती प्रसाद गौड़, चित्रांग, मोहम्मद हैरिस, प्रणय पंत, आदर्श रावत, आर्यन चौहान, मनिंदर सिंह, तेजिंदर पाल सिंह, वैभव रंजन, चंदन, वेदांश थापा, नमन रौतेला, यश, अनमोल, प्रांजल कपूर, चैतन्य, अर्नव पॉल और अमन सहित विभिन्न विद्यालयों के बच्चों एवं क्लब के सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
क्लब की इस पहल के माध्यम से बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से बाहर निकलकर खेलकूद और साइक्लिंग अपनाने तथा आम नागरिकों को मधुमेह के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।




