Breaking Newsधर्म/संस्कृति
Trending

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, छह माह तक ऊखीमठ में होंगे दर्शन

हजारों श्रद्धालु बने कपाटबंदी के साक्षी, सेना के बैंड की धुन और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजती रही केदारपुरी

रुद्रप्रयाग। आस्था, परंपरा और भक्ति के भावुक माहौल के बीच बुधवार को भैया दूज के पावन अवसर पर केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कपाटबंदी की प्रक्रिया पूरी हुई। इस विशेष अवसर पर बाबा केदार के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय बाबा केदार के उद्घोष से गुंजायमान रहा।

कपाट बंद होने से पहले मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप प्रदान किया गया। इसके बाद स्थानीय भस्म, पुष्प और सूखे पत्तों से शिवलिंग को ढककर अनुष्ठान संपन्न किए गए। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट आगामी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

सेना के बैंड और शंखनाद ने बनाया भक्तिमय माहौल

कपाटबंदी के दौरान भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों, डमरू वादन और शंखनाद ने केदारपुरी के वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। बाबा के धाम से छह महीने के लिए विदाई के इस अवसर पर श्रद्धालु भावुक नजर आए। भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और अगले यात्रा सीजन में दोबारा धाम पहुंचने की कामना की।

अब ओंकारेश्वर मंदिर में होगी बाबा केदार की पूजा

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के लिए रवाना होगी। विभिन्न पड़ावों से होते हुए डोली ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान केदारनाथ को विराजमान किया जाएगा। अगले छह महीनों तक श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

यमुनोत्री धाम के कपाट भी आज होंगे बंद

चारधाम यात्रा के अंतिम चरण में बुधवार को भैया दूज के अवसर पर यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल के अनुसार, सुबह 10:28 बजे निर्धारित मुहूर्त में मां यमुना के कपाट बंद होंगे। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली रवाना होगी। वहीं, मंगलवार को गंगोत्री धाम के कपाट भी बंद किए जा चुके हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button