Breaking Newsउत्तराखंड

150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चालक समेत दो की मौत, तीन घायल

चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी वैगनआर, देवप्रयाग मेंसुबह करीब 5:40 बजे हुआ हादसा पुलिस और एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी

नई टिहरी। देवप्रयाग में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में वैगनआर कार के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली में रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास हुआ। कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर की सुबह करीब 5:40 बजे चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही हरियाणा नंबर की वैगनआर कार (HR-68 C-1242) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और खाई में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागी पहुंचाया। हादसे में कार चालक अनिल सिंह (33) और सत्येश्वरी देवी (72) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव खाई से बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

हादसे में घायल और मृतकों का विवरण

घायलों में उत्तम सिंह (33), निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18) और सुनीता देवी (45), निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग शामिल हैं। वहीं, मृतकों में सत्येश्वरी देवी, निवासी किमखाल, जनपद चमोली और कार चालक अनिल सिंह, निवासी किमोली-पारतोली, जनपद चमोली शामिल हैं।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर बचाव कार्य में जुटी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button