माया देवी यूनिवर्सिटी में तकनीकी प्रतिभा का महाकुंभ, 39 टीमों ने लिया हैकाथॉन में हिस्सा

राष्ट्रीय हैकाथॉन में केआर मंगलम यूनिवर्सिटी ने मारी बाजी, माया देवी विश्वविद्यालय रहा दूसरे स्थान पर
एल्गोनेक्स 1.0 में देशभर की 39 टीमों ने लिया हिस्सा, 30 घंटे तक चला तकनीकी नवाचार और प्रतिभा का मुकाबला
देहरादून। माया देवी विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के 30 घंटे के हैकाथॉन ‘एल्गोनेक्स 1.0’ में देशभर से आई 39 टीमों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा और नवाचार का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद केआर मंगलम यूनिवर्सिटी, गुरुग्राम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मेजबान माया देवी विश्वविद्यालय की टीम दूसरे और वीआईटी यूनिवर्सिटी, भोपाल की टीम तीसरे स्थान पर रही।
उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों से पहुंची टीमों ने तकनीकी समस्याओं के समाधान पर आधारित अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। 30 घंटे तक लगातार चले इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच, तकनीकी दक्षता और समस्या समाधान की क्षमता का परिचय दिया।
समापन समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय की चेयरपर्सन प्रभा जुयाल, प्रेसिडेंट एमएल जुयाल, वाइस प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) तृप्ति जुयाल सेमवाल और कुलपति प्रो. (डॉ.) आशीष सेमवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागी टीमों के प्रोजेक्ट का तकनीकी दक्षता, नवाचार और व्यावहारिक उपयोगिता के आधार पर मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली केआर मंगलम यूनिवर्सिटी की टीम को 65 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रही माया देवी विश्वविद्यालय की टीम को 45 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली वीआईटी यूनिवर्सिटी, भोपाल की टीम को 30 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। विजेता टीमों को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर प्रेसिडेंट एमएल जुयाल ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीकी नवाचार और डिजिटल परिवर्तन का है। विद्यार्थियों को ऐसे मंच उपलब्ध कराना जरूरी है, जहां वे अपने विचारों को वास्तविक स्वरूप दे सकें। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में जीत से अधिक महत्वपूर्ण सीखने और निरंतर आगे बढ़ने की भावना है।
वाइस प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) तृप्ति जुयाल सेमवाल ने प्रतिभागियों के उत्साह, धैर्य, टीम भावना और तकनीकी दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय आयोजन विद्यार्थियों को अपनी क्षमताएं पहचानने और देशभर के युवाओं के साथ अनुभव साझा करने का अवसर देते हैं।
कुलपति प्रो. (डॉ.) आशीष सेमवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हैकाथॉन जैसे आयोजन विद्यार्थियों में समस्या समाधान और उद्यमशीलता की सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) आरबी सिंह ने आयोजन की सफलता में योगदान देने वाली टीमों और प्रतिभागियों का आभार जताया। वहीं, डीन स्कूल ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार दीक्षित ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, आयोजकों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर राजीव कुमार, ट्रू स्कॉलर के मैनेजर कुलदीप तिवारी, वेव टेकटोनिक्स के संस्थापक कुशाग्र शर्मा, सौरभ द्विवेदी और सीनियर वेब डेवलपर निशा पाल शामिल रहे।
इस अवसर पर रजिस्ट्रार अंबिका जुयाल, लव जुयाल, प्रिंसिपल बीएड डॉ. सीता जुयाल सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल, डीन और शिक्षक मौजूद रहे। आयोजन ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और तकनीकी नवाचार की दिशा में नए विचार विकसित करने का अवसर प्रदान किया।


