
सात महिलाएं भी शामिल, स्वयं सहायता समूह की सदस्य बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं
गांव हादसे के बाद सीएम धामी ने प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा अभियान चलाने के दिए निर्देश
देहरादून। पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कालवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत सात महिलाओं की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, कोटनाली भंगालवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। काम निपटाने के बाद सभी ईको वैन से वापस गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कालवाड़ी गांव के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में चालक अनिल देवराड़ा सहित आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल एक महिला को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने की तैयारी की गई।
मृतकों में सात महिलाएं शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कांती देवी (45), रेखा देवी (42), अनिल देवराड़ा (48), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38) और रजनी देवी (35) के रूप में हुई है। सभी भंगालवाण क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
सीएम धामी ने दिए सड़क सुरक्षा अभियान के निर्देश
पौड़ी हादसे समेत प्रदेश में हाल के दिनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने प्रदेशभर में विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के लाइसेंस की नियमित जांच करने के साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित विभागों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
धीरेंद्र प्रताप ने जताया शोक, मुआवजा बढ़ाने की मांग
रिखणीखाल हादसे पर उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकार से मुआवजे की राशि चार लाख रुपये से बढ़ाकर प्रति मृतक 10 लाख रुपये करने की मांग की। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि प्रदेश में सड़कों की स्थिति और उनके इंजीनियरिंग डिजाइन का गंभीरता से अध्ययन किए जाने की जरूरत है। हादसे की जानकारी मिलते ही वह घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।




