Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

संविधान दिवस पर माया देवी विश्वविद्यालय में गूंजा लोकतंत्र और एकता का संदेश

संविधान के मूल्यों का संदेश लेकर माया देवी विश्वविद्यालय में निकली तिरंगा रैली

नुक्कड़ नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने मतदान के अधिकार और नागरिक कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक

देहरादून। संविधान दिवस के अवसर पर माया देवी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज की ओर से सेमिनार और ‘संविधान जागरूकता तिरंगा रैली’ का आयोजन किया गया। इस दौरान लॉ के विद्यार्थियों ने तिरंगा लेकर रैली निकाली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, लोकतंत्र तथा मतदान के अधिकार के प्रति लोगों को जागरूक किया।

रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इसके माध्यम से संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों का संदेश दिया गया। रैली के बाद विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों को प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की वाइस प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) तृप्ति जुयाल सेमवाल ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी समझ होनी चाहिए। युवाओं को संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) आशीष सेमवाल ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक योग्य नागरिक को अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से प्रयोग करना चाहिए।

स्कूल ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज के डीन डॉ. अनिल कुमार दीक्षित ने कहा कि विधि के विद्यार्थियों के लिए संविधान की गहरी समझ और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान बेहद जरूरी है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर नागरिक जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम का समापन संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने और जागरूक, जिम्मेदार एवं सशक्त लोकतांत्रिक समाज के निर्माण में योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

इस अवसर पर रजिस्ट्रार श्रीमती अंबिका जुयाल, डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) आरबी सिंह, प्रिंसिपल बीएड डॉ. सीता जुयाल, डीन स्कूल ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज डॉ. अनिल कुमार दीक्षित, कुमार मयंक, भावना अरोड़ा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं लॉ के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button