लोक संस्कृति के रंगों से सजा ‘देवभूमि स्पंदन’, छात्र-छात्राओं ने बिखेरी उत्तराखंड की छटा

पेस्टल वीड कॉलेज में कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोकनृत्यों ने मोहा मन, ‘सृजन’ पत्रिका का भी हुआ विमोचन
देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोककलाओं की जीवंत छटा पेस्टल वीड कॉलेज ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (PWCIT) में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘देवभूमि स्पंदन’ में देखने को मिली। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए छात्र-छात्राओं ने देवभूमि की विविध लोक परंपराओं को मंच पर जीवंत कर दिया। कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोकनृत्यों के साथ पंजाबी नृत्य, नाटक और परिधान प्रदर्शन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देहरादून की विधायक सविता कपूर रहीं। विशिष्ट अतिथियों में SDSUV उत्तराखंड के कुलपति प्रो. अमरीश कुमार महाजन, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार दिनेश चंद्र, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) शम्मी सबरवाल, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य अनिल मेहरा, श्रीमती सबरवाल, किरण कश्यप और राशि कश्यप शामिल रहे। कॉलेज के चेयरमैन डॉ. प्रेम कश्यप और प्रधानाचार्या डॉ. अनीता वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व छात्र, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की पत्रिका ‘सृजन’ का विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक सविता कपूर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि प्रो. अमरीश कुमार महाजन ने भी अपने विचार साझा किए। वहीं, चेयरमैन डॉ. प्रेम कश्यप ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में ‘डीडीहाट की जमुना छोरी’ के माध्यम से कुमाऊंनी लोकसंस्कृति की खूबसूरती दिखाई गई, जबकि ‘बूढ़ी दिवाली’ पर आधारित जौनसारी नृत्य ने क्षेत्र की पारंपरिक विरासत से रूबरू कराया। गढ़वाली लोकनृत्य ‘रैबार’ ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही प्रसिद्ध ‘नंदा देवी राजजात यात्रा’ पर आधारित विशेष नृत्य प्रस्तुति ने उत्तराखंड की धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा।
कार्यक्रम में पंजाबी नृत्य ‘चल मेले नू चलिए’ ने उत्साह और उमंग का नया रंग भर दिया। वहीं, सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक और आकर्षक परिधान प्रदर्शन भी दर्शकों के लिए खास रहे। सभी प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की मेहनत, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली।
राष्ट्रगान के साथ ‘देवभूमि स्पंदन’ का समापन हुआ।


