Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

उत्तराखंड के सात लोगों की गुजरात में दर्दनाक मौत, ट्रक-कार की भीषण भिड़ंत में उजड़ गए परिवार

भुज-खावड़ा हाईवे पर हुआ हादसा, मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल

सेना के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड के सात लोगों की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, परिवार गुजरात के कच्छ जिले में घूमने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान भुज-खावड़ा हाईवे पर उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

मृतकों में सेना का जवान, पत्नी और 3 महीने की बेटी

मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और करीब 3 महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इसके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी 7 साल की बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी 4 साल की बेटी वामिका की भी हादसे में मौत हुई है। सौरभ सिंह नेगी और राजेश सिंह रावत गढ़वाल रेजिमेंट में जवान थे, जो भुज में तैनात थे।

सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास रहता था। राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में रहता है। बताया जा रहा है कि मृतक एक ही परिवार से जुड़े थे और उनका संबंध सेना के परिवार से था।

भुज अस्पताल पहुंचे सेना के अधिकारी

हादसे के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भुज के जीके जनरल अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने पर सेना के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button