Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

इगास के रंग में रंगे साइकिलिस्ट, प्रेमनगर से मसूरी झील तक लगाई दौड़

प्रेमनगर से मसूरी झील तक निकाली 60 किमी जागरूकता राइड

लोकसंस्कृति के संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

देहरादून। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पारंपरिक त्योहारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से इगास-बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने विशेष सांस्कृतिक जागरूकता साइकिल राइड का आयोजन किया। क्लब के वरिष्ठ और युवा साइकिलिस्टों ने प्रेमनगर से मसूरी झील तक करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय कर लोकपरंपराओं के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

शुक्रवार सुबह 5:30 बजे प्रेमनगर से शुरू हुई राइड पंडितवाड़ी, बल्लूपुर, गढ़ी कैंट, सप्लाई चौक, रॉबर्स केव, मसूरी रोड, शिव मंदिर और मसूरी टोल होते हुए मसूरी झील पहुंची। यहां से सभी प्रतिभागी साइकिल चलाते हुए वापस देहरादून लौटे। राइड का नेतृत्व क्लब के वरिष्ठ साइकिलिस्ट सुरेंद्र कुमार और जयन्ती प्रसाद गौड़ ने किया।

इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। इन्हें सहेजना और युवा पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। साइकिल राइड के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है।

वहीं, जयन्ती प्रसाद गौड़ ने इगास पर्व की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मान्यताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में दीपावली के करीब 11 दिन बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को इगास बग्वाल मनाई जाती है। इसे बूढ़ी दिवाली भी कहा जाता है। एक लोकमान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने का समाचार पहाड़ों तक 11 दिन बाद पहुंचा था, इसलिए यहां दीपावली बाद में मनाई गई। वहीं, एक अन्य मान्यता वीर माधो सिंह भंडारी और उनकी सेना की विजय के बाद घर वापसी से भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोकपरंपराओं को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने आयोजन में शामिल वरिष्ठ साइकिलिस्टों और युवा सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठों का अनुभव और युवाओं का उत्साह क्लब की ताकत है। इगास जैसे पारंपरिक पर्व पर साइकिल राइड का आयोजन संस्कृति संरक्षण के साथ स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक एकता को बढ़ावा देने की दिशा में सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

राइड में सुरेंद्र कुमार, जयन्ती प्रसाद गौड़, हरिसिमरन सिंह, रिकी गोस्वामी, प्रणय पंत, आर्यन चौहान, आदर्श रावत, चित्रांग, अनमोल, मोहम्मद हारिस, आरती, वैभव रंजन, वेदांश थापा और नमन रौतेला सहित क्लब के अनेक वरिष्ठ एवं युवा सदस्य शामिल रहे।

देहरादून साइक्लिंग क्लब की इस पहल ने संदेश दिया कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी सामूहिक प्रयास किए जा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button