Breaking News
Trending

बिगड़ा मौसम, बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम का यू टर्न , बढ़ेगी ठंड

देहरादून समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार, पहाड़ों में गिरेगी बर्फ, तापमान में आएगी गिरावट

देहरादून। उत्तराखंड में 15 और 16 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम में बदलाव से मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ सकती है।

तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी

देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में मौसम खराब होने की आशंका जताई गई है। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।

ऊंची चोटियों पर हिमपात के आसार

पर्वतीय क्षेत्रों में 3500 से 3800 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है। कुमाऊं मंडल के नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं।

मैदानी इलाकों में भी बढ़ेगी ठंड

मौसम में बदलाव का असर देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है।

पर्यटकों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ने तथा आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करने वाले पर्यटकों और यात्रियों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट और प्रशासन की सलाह पर नजर रखने की अपील की गई है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 और 20 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम शुष्क होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button