Breaking News

भुगतान नहीं तो आंदोलन ! 30 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे जल जीवन मिशन के ठेकेदार

भुगतान की निश्चित तिथि घोषित करने की मांग, SWSM कार्यालय से सचिवालय तक करेंगे कूच

देहरादून। जल जीवन मिशन के तहत उत्तराखंड में पेयजल योजनाओं का निर्माण करने वाले ठेकेदारों का लंबे समय से भुगतान नहीं होने पर अब आक्रोश बढ़ने लगा है। बकाया भुगतान को लेकर देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने 30 नवंबर से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है। आंदोलन के तहत ठेकेदार देहरादून स्थित SWSM कार्यालय में एकत्र होकर सचिवालय कूच करेंगे।

एसोसिएशन का आरोप है कि पेयजल योजनाओं का काम पूरा करने के बावजूद ठेकेदारों को उनका भुगतान नहीं मिल रहा है। इस वजह से वे गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। इस संबंध में शासन और विभागीय अधिकारियों को कई बार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

एसोसिएशन के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को सचिव के साथ हुई बैठक में भी भुगतान का मुद्दा उठाया गया था। इसके बाद मुख्य सचिव के निर्देश पर धरना समाप्त कराते समय 10 दिनों के भीतर भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तय समय बीतने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ। बार-बार आश्वासन मिलने के बाद भी भुगतान की निश्चित तारीख घोषित नहीं किए जाने से ठेकेदारों में नाराजगी है।

एसोसिएशन ने जल जीवन मिशन के तहत 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को नल से पेयजल उपलब्ध कराने की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया है कि योजनाओं को धरातल पर उतारने वाले ठेकेदारों का बकाया भुगतान अब तक क्यों नहीं किया गया। उनका कहना है कि ठेकेदारों ने अपनी निजी पूंजी और संसाधन लगाकर योजनाओं को पूरा किया, लेकिन अब उन्हें अपने ही पैसे के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

एसोसिएशन की प्रमुख मांग है कि जल जीवन मिशन के तहत सभी लंबित भुगतानों का शीघ्र भुगतान किया जाए। मुख्यमंत्री स्वयं मामले का संज्ञान लेकर प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाएं और सरकार भुगतान की स्पष्ट एवं निश्चित तिथि घोषित करे। इसके साथ ही भुगतान में देरी के कारणों का लिखित स्पष्टीकरण भी दिया जाए।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि ठेकेदारों ने अब तक धैर्य और संयम के साथ अपनी मांगें सरकार के सामने रखी हैं। प्रस्तावित आंदोलन भी पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन का किसी राजनीतिक दल या गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। यदि कोई असामाजिक तत्व आंदोलन के दौरान अशांति फैलाने का प्रयास करता है तो उसका एसोसिएशन से कोई लेना-देना नहीं होगा।

अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार से ठेकेदारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने और बकाया भुगतान सुनिश्चित कराने की अपील की। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर आगामी दिनों में सचिवालय या मुख्यमंत्री आवास पर भी आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button