
कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना ने सभी को झकझोर दिया। चैलूसैंण क्षेत्र में नेपाली मूल के एक मजदूर ने अपने दुधमुंहे बच्चे को खाई में फेंककर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी खाई में छलांग लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। मृतक की पत्नी ने ही पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि दंपती के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक कलह चल रही थी, जो इस दर्दनाक कदम का कारण बनी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।



