Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

नदी में समाई इनोवा, चार की मौत, दो लापता

उत्तरकाशी में गंगनानी के पास गंगोत्री हाईवे पर हुआ हादसा

सात लोग थे सवार, गुजरात से गंगोत्री धाम जा रहे थे यात्री, राहत-बचाव अभियान जारी

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार सुबह उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगनानी के पास यात्रियों से भरी इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो लोग लापता हैं। वहीं, एक घायल यात्री को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। इनोवा कार गंगोत्री धाम की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे नदी में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने नदी किनारे से चार शव बरामद किए, जबकि एक घायल को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।

तेज बहाव के बीच लापता लोगों की तलाश

नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं। दो लापता यात्रियों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। अभियान को तेज करने के लिए मनेरा से एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।

गुजरात के साबरमती क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे यात्री

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार यात्री गुजरात के साबरमती क्षेत्र के रहने वाले थे और उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे थे। हालांकि, अभी तक सभी यात्रियों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button