
देहरादून। एन मैरी स्कूल का वार्षिक समारोह इस वर्ष विशेष उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया, जहां छात्र-छात्राओं ने अपनी बहुआयामी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान नृत्य, नाटक, संगीत और कथावाचन के सामंजस्यपूर्ण संयोजन के माध्यम से छात्रों ने रामायण महाकाव्य की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
रविवार को आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एन मैरी स्कूल की अध्यक्ष अनुराधा जोशी, विशिष्ट अतिथि स्कूल सचिव जितेंद्र जोशी, निदेशक अंकिता जोशी एवं प्रधानाचार्य पल्लवी गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया, जिसमें सत्य, भक्ति, साहस, त्याग और धर्म जैसे शाश्वत मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। सजीव अभिनय, आकर्षक वेशभूषा और भावनात्मक संवादों ने प्रस्तुति को और भी प्रभावी बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों का आत्मविश्वास, मंचीय समन्वय और भावपूर्ण अभिव्यक्ति दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गई। अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुति की खुले दिल से सराहना की और इसे भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जुड़ने का सार्थक प्रयास बताया।
इस अवसर पर निदेशक अंकिता जोशी ने कहा कि यह वार्षिक समारोह विद्यालय की गौरवशाली 40 वर्षों की शैक्षिक विरासत का उत्सव है। उन्होंने कहा कि एन मैरी स्कूल केवल अकादमिक शिक्षा तक सीमित न रहकर नैतिक मूल्यों, संस्कारों और समग्र व्यक्तित्व विकास पर विशेष जोर देता है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराते हुए अभिभावकों के निरंतर विश्वास और सहयोग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
समारोह का समापन उत्साहपूर्ण माहौल और स्मरणीय प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसने सभी उपस्थित लोगों के मन में एक सुखद छाप छोड़ी।



