सीबीआई और साइक्लिंग क्लब की रैली से गूंजा भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश

देहरादून। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत रविवार को देहरादून साइक्लिंग क्लब और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, देहरादून की ओर से संयुक्त रूप से साइकिल रैली निकाली गई। रैली के जरिए आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही का संदेश दिया गया।
रैली का शुभारंभ सीबीआई मुख्यालय, सीमाद्वार से हुआ। क्लब के उपाध्यक्ष मनिंदर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। करीब 32 साइकिल सवारों ने पंडितवाड़ी, प्रेमनगर, नंदा की चौकी, पौंधा, मझान और सैला होते हुए खाराखेत तक लगभग 35 किलोमीटर की यात्रा की। रैली का नेतृत्व वरिष्ठ साइकिल सवार सुरिंदर कुमार और जयन्ती प्रसाद गौड़ ने किया।
इस दौरान साइकिल सवारों ने स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अपने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी अपनाने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने की शपथ ली।
कार्यक्रम में सीबीआई के डीआईजी मनीष सुरती ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने नागरिकों से सतर्कता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और अपने आसपास होने वाली भ्रष्ट गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की। सीबीआई के डीएसपी अजय मिश्रा ने कहा कि जांच एजेंसी विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नैतिक मूल्यों एवं सतर्कता के प्रति जागरूक कर रही है।
देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज ही विकास, समानता और समृद्धि के लक्ष्यों को हासिल कर सकता है। उन्होंने बताया कि क्लब वर्ष 2013 से साइकिलिंग को बढ़ावा देने के साथ स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
रैली में शामिल प्रतिभागियों ने भ्रष्ट आचरण से दूर रहने, ईमानदारी अपनाने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केवल जांच एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
रैली में आदर्श चौहान, प्रणय पंत, चित्रांग, अनमोल चौधरी, मोहम्मद हारिस, आदर्श रावत, मनिंदर सिंह, हरिसिमरन सिंह, अमन, आरती, सुरिंदर कुमार, जयन्ती प्रसाद गौड़, रामपाल, अक्षय, चंदन, वैभव और यश सहित अन्य साइकिल सवार शामिल रहे।
भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए सीबीआई के संपर्क नंबर: 9410549158, 7060366445, 0135-2761799




