मन पर नियंत्रण और अनुशासन से मिलेगी सफलता, देवभूमि यूनिवर्सिटी के दीक्षारम्भ में छात्रों को मिली सीख

इस्कॉन देहरादून के श्री गोपीनाथ दास ने मन पर नियंत्रण को बताया सफलता की कुंजी, विधि संकाय में नए छात्रों का हुआ स्वागत
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ में गुरुवार को ‘दीक्षारम्भ-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसमें नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों से परिचित कराया गया।
मुख्य वक्ता इस्कॉन देहरादून के श्री गोपीनाथ दास ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए सबसे पहले मन पर नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने इस्कॉन के सेवा कार्यों और समाज में उसके योगदान की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार दीक्षित ने लोकतंत्र में न्यायपालिका की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि न्यायपालिका संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती की आधारशिला है। उन्होंने इस्कॉन की प्रेरणा से संचालित अक्षय पात्र फाउंडेशन के कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्था देशभर के सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में लाखों बच्चों को पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराकर शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।
अक्षय पात्र मिशन से जुड़े वर्धन दास ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवनशैली अपनाने और पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमितता, समय का सम्मान और सकारात्मक दृष्टिकोण ही भविष्य की सफलता का आधार बनते हैं।
स्कूल ऑफ लॉ के विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव त्यागी ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की पहल ‘दीक्षारम्भ’ का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के वातावरण, नियमों, शैक्षणिक संस्कृति और शिक्षकों से परिचित कराना है, ताकि वे उच्च शिक्षा के सफर की बेहतर शुरुआत कर सकें।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए नवप्रवेशी विद्यार्थियों के साथ विधि संकाय के शिक्षक एवं अन्य शिक्षण-प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा भट्ट और स्माइल गोयल ने किया, जबकि अंत में स्माइल गोयल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




