ग्राफिक एरा और क्वांटम स्कूल ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लहराया परचम

नई दिल्ली में एनआईएसएम-सेबी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, कई संस्थानों ने नेशनल फिनाले के लिए बनाई जगह
देहरादून। वित्तीय साक्षरता के क्षेत्र में उत्तराखंड के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के सहयोग से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (एनआईएसएम) द्वारा नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित स्कोप कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज़ (एनएफएलक्यू) 2026 के उत्तर क्षेत्रीय दौर में राज्य के कई शिक्षण संस्थानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार जीते और राष्ट्रीय फिनाले में अपनी जगह पक्की की।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्र शामिल हुए। प्रतियोगिता में वित्तीय बाजार, निवेश, निवेशकों के अधिकार, बाजार नियमन और जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनका प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ जवाब दिया।
देशव्यापी इस पहल में चार लाख से अधिक छात्रों ने कॉलेज स्तर और ऑनलाइन क्वालिफाइंग राउंड के माध्यम से हिस्सा लिया। चयनित टीमें अब देश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित क्षेत्रीय दौरों में भाग ले रही हैं। मुंबई में पश्चिम क्षेत्रीय दौर के बाद नई दिल्ली में उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता आयोजित की गई।
उत्तराखंड के छात्रों ने जीते पुरस्कार
अंडरग्रेजुएट श्रेणी में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के बीएफएसआई विभाग ने पहला स्थान हासिल कर 40 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। क्वांटम स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज़ के कॉमर्स एवं फाइनेंस विभाग ने दूसरा स्थान प्राप्त करते हुए 30 हजार रुपये का पुरस्कार हासिल किया। तीसरे स्थान पर मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस रहा, जिसे 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली।
पोस्टग्रेजुएट वर्ग में लाल बहादुर शास्त्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पहले, आईआईएम काशीपुर दूसरे तथा मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस तीसरे स्थान पर रहा।
कई संस्थानों ने बनाई नेशनल फिनाले में जगह
प्रतियोगिता के बाद उत्तर क्षेत्र से 12-12 अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट संस्थानों का चयन राष्ट्रीय चरण के लिए किया गया। उत्तराखंड से ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, क्वांटम स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज़, पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (हल्द्वानी), उत्तरांचल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (भीमताल) और आईआईएम काशीपुर सहित कई संस्थानों ने नेशनल फिनाले में स्थान बनाया।
युवाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की पहल
एनआईएसएम के निदेशक सशी कृष्णन ने कहा कि वित्तीय साक्षरता केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि युवाओं को सही समय पर जिम्मेदार और आत्मविश्वास के साथ वित्तीय निर्णय लेने के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि एनएफएलक्यू जैसे मंच छात्रों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें वित्तीय दुनिया की बेहतर समझ भी प्रदान करते हैं।
वहीं, सेबी के मुख्य महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय निदेशक विजयंत कुमार वर्मा ने कहा कि भारत के पूंजी बाजार के सुदृढ़ विकास के लिए युवाओं का वित्तीय रूप से जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों को निवेश, जोखिम, निवेशकों के अधिकार और बाजार के नियमों की जानकारी देकर जिम्मेदार निवेशक बनने के लिए तैयार करती हैं।
नवंबर में होगा ग्रैंड फिनाले
एनएफएलक्यू 2026 जुलाई से सितंबर तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किया जा रहा है। इसके क्षेत्रीय दौर मुंबई, नई दिल्ली, बेंगलुरु, भोपाल, गुवाहाटी और कोलकाता में होंगे। सभी क्षेत्रों की विजेता टीमें नवंबर 2026 में महाराष्ट्र के रसायनी स्थित एनआईएसएम परिसर में आयोजित राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में राष्ट्रीय खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।



