Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

प्रेम कहानी का खौफनाक अंत ! युवक-किशोरी ने खाया जहर, मौत से मचा हड़कंप

20 वर्षीय युवक और 15 वर्षीय किशोरी की उपचार के दौरान मौत, किशोरी कक्षा नौ की छात्रा थी,  पुलिस ने शुरू की जांच

हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में युवक और नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने और शादी की इच्छा जताए जाने की बात सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे।

बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय युवक ऑटो चलाता था, जबकि 15 वर्षीय किशोरी कक्षा नौ में पढ़ती थी। दोनों अलग-अलग जातियों से होने के कारण परिवार की ओर से रिश्ते को मंजूरी नहीं मिलने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों को उनके जहरीला पदार्थ खाने का पता चला तो आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद बहादराबाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, अभी तक कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है।

पुलिस दोनों परिवारों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रेम संबंध, पारिवारिक असहमति और जहरीला पदार्थ खाने की परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button