
देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय में ‘सतत भविष्य के लिए एआई’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन सम्पन्न हो गया। सम्मेलन में दुनिया भर से आए विशेषज्ञों ने वैश्विक स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) लक्ष्यों को हासिल करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बढ़ती भूमिका पर गहन चर्चा की।
शनिवार को सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि संतोष यादव, विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी, उपाध्यक्ष अंकिता जोशी, कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि, प्रति-कुलपति प्रो. (डा.) राजेश बहुगुणा और यूआईटी के निदेशक प्रो. सुमित चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।
कंप्यूटर विज्ञान के प्रोफेसर एवं डीन प्रो. आनंद कुमार शुक्ला ने एआई में हो रही अत्याधुनिक प्रगति और आने वाले भविष्य पर प्रकाश डाला। अमेरिका की एचटी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डा. श्रवण कुमार गर्ग, यूनिवर्सिटी साइंस मलेशिया के एसोसिएट प्रोफेसर डा. जगदीश्वरन राजेंद्रन और ब्रिटेन कॉलेज लंदन (यूके) के अनुसंधान सलाहकार प्रो. ओम कुमार हर्ष ने एआई के विभिन्न पहलुओं, रिसर्च और उसके सामाजिक प्रभावों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग की विभागाध्यक्ष डा. मधु किरोला ने किया, जबकि सह-संयोजक प्रो. (डा.) राजीव कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।




