कैंची धाम के पास बारात की कार खाई में गिरी, तीन की मौत
अल्मोड़ा से हल्द्वानी जा रही थी बारात

SDRF ने रात में चलाया रेस्क्यू, एक व्यक्ति गंभीर घायल
कैंची धाम। अल्मोड़ा से हल्द्वानी जा रही बारात की कार शनिवार देर शाम कैंची धाम के समीप रतिघाट क्षेत्र में करीब 60 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पोस्ट खैरना से निरीक्षक राजेश जोशी के नेतृत्व में SDRF टीम रात के अंधेरे और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान संचालित किया।
SDRF ने एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। वहीं तीन शवों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।
घायल:
1. मनोज कुमार, निवासी – अल्मोड़ा
मृतक:
1. संजय बिष्ट, निवासी – अल्मोड़ा
2. सुरेंद्र भंडारी, निवासी – अल्मोड़ा
3. पुष्कर भैसोड़ा, निवासी – अल्मोड़ा
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




