
उत्तरकाशी में रेस्क्यू अभियान जारी, खराब मौसम और बर्फबारी से बचाव दल को हो रही परेशानी
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकरों की तलाश में चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान में बुधवार सुबह दो और शव बरामद हुए हैं। इसके साथ ही हादसे में अब तक चार लापता लोगों के शव मिल चुके हैं, जबकि स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा समेत चार अन्य की तलाश जारी है।
रेस्क्यू टीमों ने बुधवार को तलाशी अभियान के दौरान दो शव बरामद किए। इससे पहले मंगलवार को भी दो ट्रेकरों के शव मिले थे। ये शव बर्फ में दबे टेंट से करीब 200 से 250 मीटर नीचे मिले थे। खराब मौसम और बर्फबारी के चलते बचाव दल को अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया जा रहा है।
लापता लोगों की तलाश के लिए प्रशासन ने एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की दस सदस्यीय टीम को हेलीकॉप्टर से घटनास्थल पर पहुंचाया था। वहीं, गंगोत्री नेशनल पार्क और गढ़वाल हिमालय माउंटेनियरिंग एंड ट्रेकिंग एसोसिएशन की टीम भी पैदल रास्ते से पहुंचकर तलाश अभियान में जुटी हुई है। तलाशी के दौरान केदारखड़क और भोजखड़क के बीच बर्फ में दबा टेंट, बैग, कपड़े, चप्पलें और राशन भी बरामद हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सोल सीकर ट्रेकिंग एजेंसी का 12 सदस्यीय दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से 26 किलोमीटर लंबे केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। दल में एक गाइड, सात ट्रेकर और चार सपोर्ट स्टाफ सदस्य शामिल थे। 29 अक्टूबर को दल की वापसी निर्धारित थी, लेकिन तय समय पर वापस नहीं लौटने पर एजेंसी ने खोजबीन शुरू कराई।
इस दौरान कुक और पोर्टर समेत चार सदस्य सुरक्षित मिल गए, जबकि स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा और सात ट्रेकर लापता हो गए थे। इसके बाद से ही प्रशासन की ओर से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब चार शव मिलने के बाद शेष चार लापता लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।




