कोटद्वार को मिली केंद्रीय विद्यालय की सौगात
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया शुभारंभ, कहा—'गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ मिलेगा रोजगार का भी अवसर'

कोटद्वार, 25 जुलाई : शिक्षा के क्षेत्र में कोटद्वार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में शुक्रवार को कण्वघाटी स्थित पहले केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस विद्यालय के शुरू होने से जहां स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा सुलभ होगी, वहीं क्षेत्र में रोजगार व सामाजिक विकास की संभावनाएं भी सशक्त होंगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय में प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं और कहा, “कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत से शिक्षा व्यवस्था को एक नया आयाम मिलेगा। यह न केवल बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा देगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों के लिए रोजगार के अवसर भी खोलेगा।”
केंद्रीय स्वीकृति के 85 विद्यालयों में कोटद्वार पहला
ऋतु खण्डूडी भूषण ने जानकारी दी कि गत वर्ष प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा स्वीकृत 85 नए केंद्रीय विद्यालयों में से कोटद्वार पहला है जिसका संचालन औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गया है। इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण बताते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार व्यक्त किया।
दो दशक पुरानी मांग हुई पूरी
उन्होंने बताया कि कोटद्वार में गढ़वाल राइफल्स का मुख्य प्रशिक्षण केंद्र होने के कारण सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की बड़ी संख्या निवास करती है। यहां केंद्रीय विद्यालय की मांग पिछले दो दशकों से लगातार की जा रही थी। विधायक बनने के बाद वर्ष 2022 में उन्होंने इस विद्यालय को कोटद्वार लाने का वादा किया था।
भूमि हस्तांतरण की बाधाएं ऐसे हुईं दूर
उन्होंने बताया कि पहले विद्यालय के लिए जो भूमि आवंटित थी, उस पर लगभग 80 वर्षों से कब्जा था, जिस कारण निर्माण कार्य बाधित रहा। इसके बाद नई भूमि की खोज हुई, लेकिन सरकारी नीतियों के कारण प्रक्रिया रुकी रही। उनकी मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नीतियों में संशोधन कर ‘फ्री लैंड ट्रांसफर पॉलिसी’ लागू की, जिससे विद्यालय स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री धामी और राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का धन्यवाद किया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में लिया भाग
विद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत ऋतु खण्डूडी भूषण ने पौधारोपण किया और सभी उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मनीषा मखीजा ने कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और सतत प्रयासों के कारण कोटद्वार को यह बहुप्रतीक्षित सौगात मिली है, जो क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक क्रांति लाएगी।
इस अवसर पर एसडीएम कोटद्वार श्री सोहन सैनी, श्री कमल नेगी, श्री जितेंद्र नेगी, श्री राजेंद्र बिष्ट, श्री रजत भट्ट, श्री प्रमोद केष्टवाल, श्री रजनीश बेबनी, श्रीमती रामेश्वरी देवी, श्री शशिकांत केष्टवाल, श्री हरि सिंह पुंडीर, श्री राजीव डबराल, श्री मनीष भट्ट, श्री कुबेर जलाल, श्री जय किशन, श्री सुभाष जखमोला, श्री जोंटी धूलिया, राजीव बलूनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका तिवारी ने किया।



