
जोशीमठ के छई गांव के पास हादसे की आशंका, खराब मौसम के बीच सेना, एसडीआरएफ और प्रशासन ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
देहरादून। चमोली जिले में शुक्रवार को बद्रीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर लापता हो गया। ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के पास छई गांव के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे, जिनमें पांच श्रद्धालु शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के ऊपर से गुजरते समय अचानक हेलीकॉप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके बाद उसका ट्रैकिंग सिस्टम भी बंद हो गया। इसी दौरान छई गांव और सेना के कैंप के आसपास पहाड़ी क्षेत्र से धुआं उठता दिखाई देने की सूचना मिली, जिसके बाद हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की आशंका गहरा गई।
हेलीकॉप्टर में पायलट हिमांशु के अलावा चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, सभी की स्थिति और किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
खराब मौसम बना रेस्क्यू में चुनौती
घटना के समय जोशीमठ और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। खराब मौसम के चलते राहत एवं बचाव कार्य में भी मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन ने खोज अभियान के लिए अन्य हेलीकॉप्टरों को भी लगाया है। वहीं, सेना, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ की टीमें दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में घटनास्थल तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की ओर से संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात कही है।


