
सतर्कता जागरूकता सप्ताह पर देहरादून साइक्लिंग क्लब की पहल, पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर
देहरादून। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने मंगलवार को भ्रष्टाचार मुक्त देहरादून और उत्तराखंड का संदेश लेकर 50 किलोमीटर लंबी जागरूकता साइकिल रैली निकाली। रैली के माध्यम से नागरिकों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और संबंधित विभागों में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ साइकिलिस्ट सुरिंदर चौहान और जयंती प्रसाद गौड़ के नेतृत्व में रैली प्रेमनगर से शुरू होकर पंडितवाड़ी, बल्लूपुर, गढ़ी कैंट चौक और सप्लाई चौक होते हुए किमाड़ी पहुंची। इसमें क्लब के सदस्यों ने भागीदारी की।
क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार विकास में बड़ी बाधा है। इसके चलते निर्माण कार्यों में देरी, घटिया सामग्री के इस्तेमाल और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग जैसी समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए नागरिकों में जागरूकता, साहस और जवाबदेही की भावना जरूरी है। क्लब ने भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए उपलब्ध आधिकारिक हेल्पलाइन, ईमेल और वेबसाइट की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया।
हरिसिमरन सिंह ने देहरादून में साइकिल ट्रैक की खराब स्थिति, अधूरे ट्रैक, परेड ग्राउंड की व्यवस्थाओं और आईएसबीटी के बुनियादी ढांचे जैसे मुद्दों की पारदर्शिता के साथ समीक्षा करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परियोजनाओं पर खर्च होने वाले धन का उचित उपयोग सुनिश्चित करना संबंधित विभागों के साथ नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जागरूकता, पारदर्शिता और जवाबदेही के जरिए ही भ्रष्टाचार मुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। नागरिकों को भ्रष्टाचार के मामलों में चुप रहने के बजाय उचित माध्यमों से शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
रैली में प्रणय पंत, चित्रांग, मोहम्मद हारिस, आर्यन झा, आदर्श रावत, हरिसिमरन सिंह, सुरिंदर चौहान और जयंती प्रसाद गौड़ सहित क्लब के सदस्य शामिल रहे। क्लब ने नागरिकों से भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने और पारदर्शी एवं विकसित उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने की अपील की।



