प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध मौत, आखिरी संदेश में बिल्डर पर लगाए आरोप

आर्थिक विवाद और मानसिक तनाव का किया जिक्र, व्हाट्सएप संदेशों की जांच से खुल सकते हैं कई राज
देहरादून। सहस्रधारा रोड स्थित एटीएस हेवनली फुटहिल्स कॉलोनी में एक प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पहले भेजे गए व्हाट्सएप संदेशों ने मामले को गंभीर बना दिया है। संदेशों में आर्थिक लेनदेन को लेकर विवाद और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक बिल्डर को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
रकम वापसी को लेकर था विवाद
सामने आए संदेशों के स्क्रीनशॉट के मुताबिक, पंकज मित्तल नाम से भेजे गए मैसेज में पुनीत अग्रवाल पर पैसे वापस नहीं करने का आरोप लगाया गया है। संदेश में दावा किया गया कि पिछले पांच से छह महीने से रकम वापस पाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। रकम स्तुति कंस्ट्रक्शन के बैंक खाते में दिए जाने की बात भी कही गई है।
संदेश में कई अन्य आरोप भी
कथित व्हाट्सएप संदेशों में जमीन से जुड़े विवाद, भुगतान नहीं करने, धमकाने और हथियार दिखाने जैसे गंभीर आरोपों का भी उल्लेख है। संदेश भेजने वाले ने आर्थिक नुकसान और सामाजिक अपमान से परेशान होने की बात लिखते हुए अपनी मौत के लिए भी संबंधित बिल्डर को जिम्मेदार बताया है।
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
यह मामला देहरादून के चर्चित बाबा साहनी प्रकरण की याद भी दिलाता है, जिसमें मौत से पहले कारोबारी विवाद को लेकर आरोप सामने आए थे। हालांकि, दोनों मामलों की परिस्थितियां अलग हो सकती हैं। एटीएस कॉलोनी की घटना में मौत के वास्तविक कारणों, व्हाट्सएप संदेशों की प्रामाणिकता और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, संबंधित पक्ष का जवाब और पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।




