इकलौते बेटे की मौत से टूटी मां ने नदी में लगाई छलांग, कुछ घंटे में उजड़ गया परिवार
पिथौरागढ़ में घटी दर्दनाक घटना

14 वर्षीय बेटे की अचानक मौत के बाद मां ने नदी में कूदकर दी जान, दो साल पहले बीमारी से हुई थी बेटी की मौत
पिथौरागढ़। मड़ेगांव (वड्डा) में शनिवार को एक परिवार पर ऐसा दुख टूटा, जिसने कुछ ही घंटों में घर को मातम में बदल दिया। 14 वर्षीय इकलौते बेटे की अचानक मौत के बाद उसकी मां ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने नदी से उनका शव बरामद कर लिया है।
मड़ेगांव निवासी कैलाश चंद्र जोशी का 14 वर्षीय बेटा जतिन जोशी शनिवार सुबह रोज की तरह झौलखेत मैदान में दौड़ने गया था। दौड़ने के बाद घर लौटते समय रास्ते में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। पीछे से आ रहे कुछ बच्चों ने उसे देखा और परिजनों को इसकी सूचना दी।
परिजन तत्काल जतिन को टैक्सी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में अचानक तबीयत बिगड़ना मौत की वजह बताई जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
बेटे की मौत के बाद मां ने उठाया खौफनाक कदम
बेटे की मौत की खबर से उसकी मां पूनम जोशी उर्फ पुष्पा गहरे सदमे में थीं। अस्पताल से निकलने के बाद वह मुंह पर कपड़ा ढककर देवसिंह पार्किंग पहुंचीं और गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में बैठ गईं।
पिथौरागढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर घाट क्षेत्र में पहुंचने के बाद उन्होंने कुछ सामान लेने की बात कहकर चालक से वाहन रुकवाया। टैक्सी रुकते ही वह नीचे उतरीं और अचानक सरयू नदी में छलांग लगा दी।
महिला को नदी में कूदते देखकर मौके पर मौजूद एक होटल संचालक ने उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई, लेकिन तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण वह महिला तक नहीं पहुंच सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद महिला का शव बरामद कर लिया गया।
दो साल पहले बेटी की मौत ने भी दिया था गहरा सदमा
परिवार पहले ही एक बड़ी त्रासदी झेल चुका था। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले कैलाश चंद्र जोशी और पूनम जोशी की बड़ी बेटी की मधुमेह की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। अब इकलौते बेटे जतिन की अचानक मौत के बाद मां की भी जान चली गई।
एक ही दिन में मां और बेटे की मौत की खबर से मड़ेगांव में शोक की लहर है। परिवार और आसपास के लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं। बताया गया है कि कैलाश चंद्र जोशी असम राइफल्स में कार्यरत हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में तैनात हैं। परिवार पर लगातार हुई दूसरी बड़ी त्रासदी से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




