
हरिद्वार। हरिद्वार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बहादराबाद ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) बृजपाल सिंह राठौर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी मुकेश को भी हिरासत में लिया गया है, जिस पर रिश्वत वसूली में बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप है।
उत्तराखंड विजिलेंस ने हरिद्वार जिले के बहादराबाद ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की इस कार्रवाई में एक अन्य आरोपी मुकेश को भी हिरासत में लिया गया है, जो वर्तमान में ब्लॉक रिसोर्स पर्सन के रूप में तैनात है और मंगोलपुर श्यामपुर के प्राथमिक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी भी संभाल रहा है।गिरफ्तार खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर की पत्नी रीना राठौर देहरादून में पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) के पद पर तैनात हैं, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार स्थित 40वीं वाहिनी पीएसी के पुलिस मॉडर्न स्कूल को मान्यता के नवीनीकरण के लिए प्रमाणपत्र की आवश्यकता थी। स्कूल प्रशासन ने जब नवीनीकरण प्रमाण पत्र के लिए खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर से संपर्क किया, तो उन्होंने इसके बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
इस पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई। विजिलेंस टीम ने शिकायत का प्राथमिक सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद विजिलेंस ने राठौर को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
आज विजिलेंस टीम ने रोशनाबाद जिला मुख्यालय स्थित खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में जाल बिछाकर राठौर को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मुकेश को भी गिरफ्तार किया गया, जिस पर रिश्वत की रकम वसूलने और बिचौलिये की भूमिका निभाने का संदेह है।
विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए देहरादून ले गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।



