Breaking News
Trending

पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में हादसा, लैंडिंग के दौरान दो पायलट घायल

कपकोट (बागेश्वर) । उत्तराखंड के कपकोट में आयोजित पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के दौरान शुक्रवार को हादसा हो गया। लैंडिंग के समय नियंत्रण खोने से दो अनुभवी पैराग्लाइडर नीचे गिर गए, जिससे वे घायल हो गए। दोनों पायलटों को कमर और पैरों में चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार दिया और स्थिति गंभीर देखते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।

लैंडिंग के अंतिम चरण में बिगड़ा संतुलन

टिहरी गढ़वाल निवासी पैराग्लाइडर रणजीत सिंह चौहान, जो उत्तराखंड टीम की ओर से प्रतियोगिता में भाग ले रहे थे, उड़ान के दौरान बेहतर प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि, लैंडिंग के अंतिम चरण में उनका पैराग्लाइडर अचानक असंतुलित हो गया। संतुलन बिगड़ने से वे तेज़ी से जमीन पर गिरे, जिससे उनकी कमर में चोट आई। मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें कपकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।

दूसरे पायलट को पैरों में आई चोट

दूसरे घायल पायलट नवीन परिहार, जो वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य भी हैं, लैंडिंग के दौरान पैर के बल गिर पड़े। इस हादसे में उनके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों की हालत जानने के लिए क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया स्वयं सीएचसी पहुंचे और चिकित्सकों से विस्तृत जानकारी ली।

हायर सेंटर रेफर, प्रशासन को सूचना

सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. प्रतीक शर्मा ने बताया कि दोनों पायलटों को गंभीर ऑर्थोपेडिक चोटें आई हैं। बेहतर उपचार के लिए उन्हें आर्थोपेडिक विशेषज्ञ के पास हायर सेंटर रेफर किया गया है। मामले की सूचना जिला प्रशासन को भी दे दी गई है।

टिहरी झील हादसे की ताजा याद

गौरतलब है कि हाल ही में टिहरी झील में भी पैराग्लाइडिंग के दौरान एक हादसा हुआ था, जहां उड़ान के दौरान पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर झील में गिर गया था। उस समय स्थानीय प्रशासन, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर पायलट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। पानी में गिरने के कारण उस हादसे में पायलट को चोट नहीं आई थी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button