Breaking Newsउत्तराखंडपर्यावरण
Trending

CM पोर्टल पर शिकायतें बेअसर? देहरादून के वरिष्ठ नागरिक ने उठाए सवाल

मुख्यमंत्री पोर्टल पर कई बार शिकायत पर फिर भी कार्रवाई नहीं पोर्टल बंद करने तक की मांग

नेशविला रोड के पास कूड़े का ढेर और चोक हो रहा नाला

देहरादून।शहर को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से पहले हटाए गए कूड़ेदानों के बाद अब कुछ स्थानों पर फिर से कूड़ा जमा होने की समस्या सामने आ रही है। देहरादून के ओंकार रोड निवासी वरिष्ठ नागरिक जगमोहन मेंदीरत्ता ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायतों के समाधान को लेकर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि पहले शहर को स्वच्छ बनाने के लिए कई स्थानों से कूड़ेदान हटाए गए थे और घर-घर से कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था शुरू की गई थी। इसी क्रम में नेशविला रोड स्थित कूड़ाघर को भी हटाकर उसका सौंदर्यीकरण कर सेल्फी पॉइंट बनाया गया था। हालांकि वर्तमान में वह स्थान निजी पार्किंग के रूप में इस्तेमाल हो रहा है।

जगमोहन मेंदीरत्ता का कहना है कि कूड़ाघर हटने के कुछ ही दिनों बाद उसके ठीक पीछे बड़ी मात्रा में कूड़ा डाला जाने लगा। इससे आसपास गंदगी फैल रही है और पास में बहने वाला नाला भी चोक हो रहा है। उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर बार गलत जानकारी देकर शिकायत को बंद कर दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके अलावा भी कई लोगों ने इस संबंध में शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वरिष्ठ नागरिक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि यदि शिकायतों का समाधान सही तरीके से नहीं किया जा रहा है, तो पोर्टल की उपयोगिता पर भी विचार किया जाना चाहिए, क्योंकि इसके संचालन में सरकारी धन भी खर्च होता है।

जगमोहन मेंदीरत्ता ने कहा कि वह वरिष्ठ नागरिक हैं और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने में असमर्थ हैं। उन्होंने इस मामले को जनहित से जुड़ा बताते हुए मुख्यमंत्री से उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुधारी जा सके और नाले के चोक होने की समस्या का समाधान हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button