
स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और बस–विक्रम स्टैंड से आने-जाने वाले लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
देहरादून। राजधानी के प्रमुख क्षेत्रों में नागरिकों को आधुनिक और स्वच्छ सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम देहरादून तेजी से काम कर रहा है। इसी कड़ी में प्रेम नगर मुख्य बाजार में हाईटेक पिंक टॉयलेट (महिलाओं के लिए) और ग्रे स्मार्ट टॉयलेट (पुरुषों के लिए) का निर्माण पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर तैयार किए गए ये स्मार्ट टॉयलेट जल्द ही आम जनता को समर्पित किए जाएंगे।
इन अत्याधुनिक शौचालयों को नवीनतम तकनीक और उच्च स्वच्छता मानकों के साथ तैयार किया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और बस–विक्रम स्टैंड से आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। शौचालयों की साफ-सफाई और मॉनिटरिंग मनसा फैसिलिटी एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा की जाएगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक स्मार्ट टॉयलेट
- महिलाओं के लिए 4 और पुरुषों के लिए 3 टॉयलेट सीट
- दिव्यांग जनों के लिए अलग रेस्ट रूम, जिसमें व्हीलचेयर और बैसाखी उपलब्ध
- छोटे बच्चों के लिए विशेष फीडिंग रूम, टीवी और खिलौनों की व्यवस्था
- सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन, हेयर ड्रायर और वाई-फाई सुविधा
- 24 घंटे सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे
- ऑटोमेटिक सेंसर वॉशबेसिन, डस्टबिन और हैंड ड्रायर
- महिलाओं के पिंक टॉयलेट में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट
- यात्रियों के लिए फर्स्ट एड बॉक्स, न्यूज़पेपर स्टैंड और शू-पॉलिश मशीन
नगर निगम का उद्देश्य प्रमुख बाजारों में स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराना है, जिससे शहर में स्वच्छता स्तर और नागरिक सुविधा दोनों को बढ़ावा मिल सके। प्रेम नगर क्षेत्र में यह सुविधा लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करेगी। मुख्य बाजार में शौचालय की कमी के कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी। अब हाईटेक टॉयलेट बन जाने से यहां के राहगीरों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि निगम क्षेत्र में कम्युनिटी टॉयलेट सिस्टम को मजबूत करने के लिए इस तरह के हाईटेक पिंक टॉयलेट का निर्माण किया जा रहा है। प्रेम नगर जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र में यह सुविधा नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि टॉयलेट पूरी तरह तैयार है और जल्द ही इसका लोकार्पण कर इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
यह पहल न केवल प्रेम नगर, बल्कि पूरे देहरादून में स्वच्छता और सार्वजनिक सुविधाओं के स्तर को एक नई दिशा देने वाली साबित होगी।


