प्रेम नगर। दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर प्रेम नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से भव्य और ऐतिहासिक नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, शबद-कीर्तन और ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों के साथ निकले नगर कीर्तन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
नगर कीर्तन में श्री गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राएं अपनी प्राचार्या रणजीत कौर की अगुवाई में अनुशासित पंक्तियों में चलती नजर आईं। बच्चों में अनुशासन, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस दौरान बेबे नानकी कुड़ियां दा गतका जत्था पूरे नगर कीर्तन में गतका के शानदार करतब दिखाता रहा। पारंपरिक सिख युद्ध कला के इन रोमांचक प्रदर्शनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, लुधियाना से आया आर्मी बैंड नगर कीर्तन का विशेष आकर्षण रहा, जिसकी मधुर और जोशीली धुनों पर लोग भाव-विभोर हो उठे।
हरबर्टपुर से आए गुरु नानक गुरमत संगीत सिखलाई ट्रस्ट के बच्चों ने पूरे नगर कीर्तन में निरंतर शबद-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। आगे-आगे पंच प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालु चल रहे थे, जिनके सम्मान में महिलाएं मार्ग में श्रद्धा भाव से झाड़ू लगाती हुई सेवा कर रही थीं। उनके पीछे फूलों से सजी बाबे की पालकी चल रही थी, जबकि पालकी के पीछे महिलाएं कीर्तन गाते हुए आगे बढ़ रही थीं।
नगर कीर्तन के दौरान पूरे प्रेम नगर क्षेत्र में लगभग 60 सेवा स्टाल लगाए गए थे। इन स्टालों पर जलपान, प्रसाद और अन्य सेवाएं दी जा रही थीं। सेवा में लगे सभी सेवादारों को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सम्मानित भी किया गया।
नगर कीर्तन की संपूर्ण जिम्मेदारी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगत पाल सिंह के नेतृत्व में शरणजीत सिंह, रविंद्र सिंह, निहाल सिंह, सतनाम सिंह, कुलदीप सिंह, मनमोहन सिंह गुलाटी तथा बीबी जसबीर कौर ने संभाली। आयोजन को सफल बनाने में सभी पदाधिकारियों और सेवादारों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन को सफल बनाने में राजेश भाटिया टोनी, अर्जुन कोहली, पुनीत सहगल, सुमित खन्ना, सनातन धर्म मंदिर प्रबंधक कमेटी तथा महिला संकीर्तन मंडल का भी पूरा सहयोग रहा। गुरुद्वारा कमेटी ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
नगर कीर्तन शांतिपूर्ण, अनुशासित और अत्यंत श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस आयोजन ने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के त्याग, साहस और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही प्रेम नगर में आपसी भाईचारे और सद्भाव को और मजबूत किया।




