उत्तराखंड
Trending

मॉल ऑफ देहरादून की छत पर कार-बाइक से स्टंटबाजी, पुलिस ने कसे पेंच

स्वतंत्रता दिवस पर हुड़दंगियों ने उड़ाई नियमों की धज्जियाँ

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस पर जहाँ दूनवासी देशभक्ति के रंग में सराबोर होकर तिरंगा यात्राओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए जश्न मना रहे थे, वहीं कुछ युवाओं ने दुपहिया वाहनों पर स्टंटबाजी और हुड़दंग मचाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।

शहर के कई इलाकों में मोटरसाइकिल सवार युवकों को तेज हॉर्न, कानफोड़ू पटाखे और खतरनाक स्टंट करते देखा गया। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब मॉल ऑफ देहरादून की छत पर बने पार्किंग स्थल में कार और बाइक से स्टंटबाजी करने की सूचना पुलिस को मिली।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जोगीवाला पुलिस टीम और चीता कर्मियों के साथ मौके पर पहुँचे। तब तक दो बाइक सवार धुआँ उड़ाते हुए फरार हो चुके थे। जाँच में पाया गया कि “इन ड्राइव मोटर” नामक समूह द्वारा यहाँ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मॉल प्रबंधन को केवल पार्किंग और कैफ़े में लंच की जानकारी दी गई थी, परन्तु कुछ युवाओं ने मौके का गलत इस्तेमाल कर बर्न आउट (Burnout) कर हंगामा खड़ा कर दिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 आयोजकों के चालान धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत और मॉल प्रबंधन के 5 चालान धारा 83 पुलिस एक्ट के अंतर्गत किए। वहीं, स्टंट में शामिल मोटरसाइकिल और कार को मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत सीज़ कर दिया गया।

पुलिस ने मॉल प्रबंधन को भी सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में बिना अनुमति ऐसे आयोजन न किए जाएँ।

Related Articles

Back to top button