उत्तराखंड
Trending

अनिल कुकरेती दून बार एसोसिएशन के नए कर्ताधर्ता

देहरादून बार एसोसिएशन चुनाव परिणाम घोषित

देहरादून। देहरादून बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर अनिल कुकरेती ‘चीनी’ ने 82 मतों के अंतर से निवर्तमान अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल को पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं सचिव पद पर अजय बिष्ट निर्वाचित हुए। मुकाबला अंत तक रोचक बना रहा और मतगणना के दौरान अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। निवर्तमान अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने कड़ी टक्कर दी, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह प्रतिस्पर्धी बना रहा।

उपाध्यक्ष पद पर विनोद कुमार सागर और कोषाध्यक्ष पद पर राजीव कुमार रोहिला ने जीत हासिल की। संयुक्त सचिव के रूप में कपिल अरोरा विजयी घोषित किए गए, जबकि महिला उपाध्यक्ष पद पर लता राणा ने जीत दर्ज की। जुगनू राणा थ्री प्लस महिला सदस्य चुनी गईं।

दीपक कुमार त्यागी टेन प्लस सदस्य, आरती सेवन प्लस सदस्य और रमण शर्मा फाइव प्लस सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए। आशुतोष सिंह गुंसाईं थ्री प्लस सदस्य तथा सुभाष परमार लाइब्रेरियन के पद पर चुने गए।

निर्वाचन अधिकारियों ने सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए अधिवक्ताओं के हित में कार्य करने की अपेक्षा जताई। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद अब अधिवक्ताओं की निगाहें आगामी योजनाओं और फैसलों पर टिकी हैं।

उधर, जैसे ही अनिल कुकरेती के अध्यक्ष और अजय बिष्ट के सचिव चुने जाने की घोषणा हुई, समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया। कचहरी परिसर में आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया गया। चैंबरों और गलियारों में देर शाम तक मिठाइयां बांटी जाती रहीं।

समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों के समर्थन में जुलूस भी निकाला, जो कचहरी परिसर से मुख्य द्वार तक पहुंचा। महिला अधिवक्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button