
लूट के विरोध में बुजुर्ग दंपती और नौकरानी पर पेचकस से ताबड़तोड़ हमला, तीनों की मौत
आरोपी प्लंबर को लोगों ने दबोचा
देहरादून में मंगलवार दोपहर एक घर में घुसे बदमाश ने लूट की कोशिश के दौरान ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। विरोध करने पर आरोपी ने बुजुर्ग महिला समेत घर में मौजूद तीन लोगों पर पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में दोपहर करीब तीन बजे हुई। मकान में 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला मौजूद थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले रजनी कपूर के गले से चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने पेचकस से उन पर हमला कर दिया।
रजनी की चीख सुनकर घरेलू सहायिका शीला उन्हें बचाने पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद उसने बुजुर्ग रमेश कपूर को भी निशाना बनाया। अचानक हुए हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
शोर सुनकर जुटे पड़ोसी, भागते आरोपी को दबोचा
हमले के बाद घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर उन्हें डराने की कोशिश की। हालांकि पड़ोसियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पकड़ने के दौरान लोगों ने आरोपी की पिटाई भी की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ में सामने आई वारदात की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजकुमार ने बताया कि वह प्लम्बर है और पिछले करीब दो साल बुजुर्ग दंपत्ति के घर प्लम्बिंग के कार्य के लिए आता-जाता था। मंगलवार को भी वह दंपत्ति के बुलाने पर उनके घर पहुंचा था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसकी बुजुर्ग दंपत्ति से कहासुनी हो गई। उसी में उसने पेजकस से उन पर हमला कर दिया और तीनों की मौत हो गई।
एंबुलेंस का इंतजार, पड़ोसी वाहनों से अस्पताल ले गए
घटना की सूचना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को कॉल किया गया। करीब 10 मिनट तक इंतजार के बावजूद एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों घायलों को कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पूछताछ जारी
तीन लोगों की मौत की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला लूट के प्रयास से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस वारदात के पीछे किसी अन्य वजह की संभावना को भी जांच में शामिल कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास थाना कोतवाली नगर, देहरादून का रहने वाला है। मूल रूप से बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश का निवासी है।




