Breaking News
Trending

चलती कार में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

उधम सिंह नगर में महिला सुरक्षा पर फिर सवाल

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से एक बेहद गंभीर और मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने निजी क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में सिडकुल में ड्यूटी पर जा रही एक युवती के साथ चलती कार में कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

ऑटो का इंतजार, कार का झांसा और वारदात

आवास विकास क्षेत्र में रहने वाली युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 25 जनवरी की सुबह करीब 5 बजे सिडकुल स्थित फैक्ट्री में काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। शिव मंदिर के पास ऑटो का इंतजार करने के बाद जब काफी देर तक कोई साधन नहीं मिला, तो वह पैदल ही रविदास मंदिर होते हुए अटरिया रोड की ओर बढ़ने लगी। इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी। कार में सवार दो युवकों ने उसे सिडकुल छोड़ने की बात कही, जिस पर वह उनके झांसे में आकर गाड़ी में बैठ गई।

सीधे फैक्ट्री न ले जाकर इधर-उधर घुमाने का आरोप

युवती का आरोप है कि दोनों युवक उसे सीधे फैक्ट्री ले जाने के बजाय सिडकुल क्षेत्र में इधर-उधर घुमाते रहे। जब उसने विरोध किया, तो हालात और भयावह हो गए। आरोपियों ने चलती कार में पीछे की सीट पर आकर उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए बारी-बारी से दुष्कर्म किया और इसके बाद उसे सिडकुल क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता, 27 जनवरी की रात गिरफ्तारी

घटना के बाद सदमे में आई युवती किसी तरह ट्रांजिट कैंप थाने पहुंची और पूरी आपबीती पुलिस को बताई। तहरीर मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे अहम सुराग हाथ लगे। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर 27 जनवरी की रात ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने परशुराम चौक से सिडकुल की ओर जाने वाली सड़क पर एक फैक्ट्री के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

राजनीतिक प्रतिक्रिया: महिला सुरक्षा पर सवाल

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी एवं CWC सदस्य करन माहरा ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड महिलाओं के लिए लगातार असुरक्षित होता जा रहा है। उनका कहना है कि देहरादून के बाद अब रुद्रपुर, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे क्षेत्रों से लेकर पहाड़ तक अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

पुलिस कर रही है जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता को आवश्यक चिकित्सकीय और काउंसलिंग सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button