
देहरादून। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल ने शनिवार को अखिल भारतीय टेनिस संघ (AITA) की नेशनल सीरीज अंडर-12 टेनिस प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर देहरादून को देश के जूनियर टेनिस मानचित्र पर बड़ी जगह दिलाई। यह पहला मौका था जब राजधानी देहरादून में एआईटीए के राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन किया गया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर से आए 45 बालक और 24 बालिकाओं ने सिंगल्स और डबल्स दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। कुल 89 रोमांचक मुकाबलों ने प्रतियोगिता को बेहद प्रतिस्पर्धी बनाया। टूर्नामेंट में रेफरी की जिम्मेदारी आईटीएफ प्रमाणित और एआईटीए के वरिष्ठ अधिकारी श्री एंटन डिसूजा ने निभाई, जो वर्ष 2005 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेफरी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
समापन समारोह में स्कूल के चेयरमैन श्री ओम पाठक और प्रधानाचार्य डॉ. दिलीप कुमार पांडा ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। श्री पाठक ने कहा कि प्रतियोगिता की सफलता को देखते हुए अगले वर्ष से यह कार्यक्रम स्कूल के वार्षिक खेल कैलेंडर का नियमित हिस्सा बनेगा।
प्रमुख परिणाम
गर्ल्स डबल्स : असीस बरार और चौधरी मीरा सिंह ने शारवी जाफरीन और त्याक्षी लाठर को 6-1, 1-6, 10-8 से हराकर खिताब जीता।
बॉयज़ डबल्स : इथन लाहोटी और रियान नंदनकर ने आरिव गुप्ता और कनिष्क को 6-2, 6-4 से हराया।
गर्ल्स सिंगल्स : असीस बरार ने चौधरी मीरा सिंह को 6-3, 6-0 से हराकर दूसरा खिताब भी अपने नाम किया।
बॉयज़ सिंगल्स : हारिस खान ने ईथन लाहोटी को 6-2, 6-2 से पराजित कर चैंपियनशिप जीती।
असीस बरार का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा, जिन्होंने टूर्नामेंट में सिंगल्स और डबल्स दोनों में खिताब जीते। वहीं ईथन लाहोटी भी दोनों वर्गों में फाइनल तक पहुँचकर प्रतिभा की चमक बिखेरते नजर आए।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि आयोजन की सफलता को देखते हुए यह प्रतियोगिता अगले वर्ष से देहरादून के वार्षिक खेल कैलेंडर में स्थायी रूप से शामिल की जाएगी।


