बारिश के लिए रहें तैयार, उत्तराखंड में 28 सितंबर तक मौसम रहेगा बदला-बदला, कई जिलों में अलर्ट

24 से 28 सितंबर तक बारिश का दौर, देहरादून समेत कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आज यानी 24 सितंबर और शुक्रवार 25 सितंबर को राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं 26 से 28 सितंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। वहीं, नवभारत टाइम्स की मौसम रिपोर्ट के अनुसार 24 से 26 सितंबर के दौरान देहरादून समेत नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार में तेज बारिश के साथ आंधी की संभावना जताई गई है।
26 से 28 सितंबर तक पूरे प्रदेश में बारिश
26 से 28 सितंबर के बीच उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




