
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को चौखुटिया क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर आंदोलनरत प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि चौखुटिया और आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौखुटिया अस्पताल के उन्नयन के लिए शासनादेश जारी कर दिया गया है, जिसके तहत इसकी क्षमता 30 बेड से बढ़ाकर 50 बेड कर दी गई है। साथ ही चरणबद्ध तरीके से एक्स-रे, पैथोलॉजी और अन्य आवश्यक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।
श्री धामी ने कहा कि वह स्वयं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे और चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। एक्स-रे मशीन के संचालन की जिम्मेदारी उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन परिषद को सौंपी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एम्स ऋषिकेश में उत्तराखंडवासियों हेतु विशेष काउंटर स्थापित किया जाएगा, जिससे प्रदेशवासियों को शीघ्र और सरल उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। चौखुटिया अस्पताल के विस्तार से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य उपचार में हो रही देरी को दूर किया जा सकेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आंदोलनकारी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।




