
सीरत वही, शोहरत में आया फर्क
देहरादून।
जहां से देश को नेतृत्व देने वाले सैन्य अफसर तैयार होते हैं, उसी इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) देहरादून में अब औपनिवेशिक विरासत के नामों को हटाकर राष्ट्रवीरों के सम्मान की नई परंपरा शुरू की गई है। ब्रिटिश दौर की याद दिलाने वाले भवनों के नाम बदले गए हैं, ताकि भावी अफसर हर कदम पर भारत की सैन्य गौरवगाथा से प्रेरणा ले सकें।
IMA परिसर में स्थित कोलिन्स ब्लॉक (Collins Block) का नाम बदलकर अब ‘नुब्रा ब्लॉक’ (Nubra Block) कर दिया गया है। लद्दाख की रणनीतिक रूप से अहम नुब्रा घाटी के नाम पर रखा गया यह भवन अब सीमाओं की रक्षा और बलिदान की याद दिलाएगा।
वहीं, किंग्सवे ब्लॉक (Kingsway Block) अब ‘कारगिल ब्लॉक’ (Kargil Block) कहलाएगा, जो 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय और शौर्य का प्रतीक बनेगा।
246 स्थानों के नाम बदले, गुलामी की पहचान खत्म
IMA में हुए इस बदलाव के साथ ही भारतीय सेना ने देशभर में बड़ा नामकरण अभियान चलाया है। सेना के अनुसार, अब तक 246 सड़कों, इमारतों, कॉलोनियों और सैन्य सुविधाओं के नाम बदले जा चुके हैं। ये सभी नाम पहले अंग्रेज अफसरों या ब्रिटिश शासन से जुड़े थे।
सेना के अधिकारियों का कहना है कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पंच प्रण’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य गुलामी की मानसिकता से मुक्ति और भारत की सैन्य विरासत को सम्मान देना है।
124 सड़कें: कैंटोनमेंट क्षेत्रों की प्रमुख सड़कें
77 कॉलोनियां: सैनिकों और अफसरों के आवासीय क्षेत्र
27 इमारतें: मुख्यालय व सैन्य ढांचे
18 अन्य सुविधाएं: पार्क, ट्रेनिंग एरिया, खेल मैदान, गेट और हेलीपैड
देशभर में वीरों को मिला सम्मान
दिल्ली कैंट की मशहूर माल रोड अब ‘शहीद अरुण खेत्रपाल मार्ग’
कोलकाता का ऐतिहासिक फोर्ट विलियम अब ‘विजय दुर्ग’
मथुरा कैंट में न्यू हॉर्न लाइन अब ‘अब्दुल हमीद लाइन्स’
मऊ (महू) में मैल्कम लाइन्स अब ‘पीरू सिंह लाइन्स’
जयपुर कैंट में क्वींस रोड का नाम बदलकर ‘सुंदर सिंह मार्ग’
IMA में अफसर बनते हैं, यहीं संस्कार भी गढ़े जाते हैं
सेना का मानना है कि IMA जैसे संस्थानों में यह बदलाव केवल नामकरण नहीं, बल्कि भावी अफसरों के मन में राष्ट्रभक्ति, बलिदान और स्वाभिमान के संस्कार मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।
अब कैडेट्स उन इमारतों और सड़कों पर कदमताल करेंगे, जिनके नाम भारत के युद्ध नायकों और परमवीर चक्र विजेताओं की वीरता की कहानियां कहते हैं।




