पर्यटकों से भरी स्कॉर्पियो खाई में गिरी, तीन की मौत
कैंचीधाम मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बरेली निवासी हैं मृतक और घायल

नैनीताल। जनपद के भवाली से कैंचीधाम मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पर्यटकों से भरी एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो महिलाओं समेत एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में कुल 7 से 8 लोग सवार थे। सभी लोग उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि हादसे में ऋषि पटेल (7) पुत्र राहुल पटेल निवासी बरेली एयरपोर्ट एयरफोर्स पीलीभीत रोड, इज्जतनगर, स्वाति (20) पुत्री भूपराम, अक्षय (20) पुत्र चंदन सिंह पटेल, ज्योति (25) पत्नी करन, करन (25) पुत्र जितेंद्र, राहुल पटेल (35) पुत्र भूपराम, गंगा देवी (56) पत्नी भूपराम, बृजेश कुमारी (26) पुत्री राहुल पटेल तथा नैंसी गंगवार (24) पुत्री जयपाल सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंगा देवी, नैंसी गंगवार और बृजेश कुमारी की मौत हो चुकी थी। अन्य पांच घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




