Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के आसार

चारधाम मार्गों पर सतर्क रहने की सलाह

देहरादून। उत्तराखंड में 28 से 31 मई तक मौसम का मिजाज बदलने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय और मैदानी जिलों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

29 मई को मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
30 मई को भी राज्यभर में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा। तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
31 मई को मौसम में कुछ सुधार होने के संकेत हैं, हालांकि पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।
राजधानी देहरादून में भी अगले चार दिनों तक बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button