उत्तराखंड
Trending

शिकायत के बावजूद नहीं थमा पानी का रिसाव: मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत में जल संस्थान के विरोधाभासी जवाब

देहरादून। राजधानी देहरादून के मोथरावाला रोड पर महीनों से जारी पानी की लीकेज की समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है। स्थानीय निवासी प्रमोद रंजन कुकरेती द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर 5 नवंबर 2025 को की गई शिकायत (नंबर CMHL-112025-2-884551) के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायत की स्थिति देखकर साफ है कि गढ़वाल जल संस्थान के अधिकारी न केवल लापरवाही बरत रहे हैं, बल्कि भ्रामक जानकारी देकर जनता को गुमराह भी कर रहे हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 5 नवंबर को पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई थी कि पशुधन कार्यालय के निकट सड़क पर लंबे समय से पानी बह रहा है। लेकिन 6 नवंबर को गढ़वाल जल संस्थान ने पोर्टल पर स्थिति “समाधान कर दिया गया” दिखाते हुए टिप्पणी की कि “वर्तमान में पेयजल की पूर्ति सुचारू है।”

कुकरेती का कहना है कि यह अत्यंत दुखद है, क्योंकि शिकायत पानी के रिसाव और सड़क पर बहाव से संबंधित थी, न कि पेयजल आपूर्ति से। यह मुख्यमंत्री पोर्टल पर गलत जानकारी दर्ज कर जनता और शासन दोनों को भ्रमित करने जैसा है।

7 नवंबर को शिकायतकर्ता ने असंतोष दर्ज कराया, जिसके बाद 10 नवंबर को विभाग की ओर से फिर नया उत्तर दिया गया कि “लाइन ADB द्वारा तोड़ी गई है, उसे वही ठीक कराएंगे।” यानी वही अभियंता, जिन्होंने पहले कहा था कि समस्या सुलझा दी गई है, अब यह कह रहे हैं कि मामला किसी और विभाग का है।

मोथरावाला रोड पर पशुधन कार्यालय के पास सड़क के एक किनारे मंदिर और दूसरे किनारे बैंक है। लगातार बहते पानी से जहां श्रद्धालुओं पर गुजरते वाहनों से पानी उछलकर गिरता है, वहीं प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ जा रहा है।

शिकायतकर्ता ने कहा कि विभाग के अधिकारी गलत रिपोर्ट देकर न केवल मुख्यमंत्री पोर्टल की गंभीरता को कमजोर कर रहे हैं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं को भी अनदेखा कर रहे हैं। उन्होंने शासन से इस प्रकरण में उचित जांच और ठोस कार्रवाई की मांग की है ताकि जिम्मेदार अधिकारियों पर जवाबदेही तय हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button