Breaking Newsउत्तराखंडशिक्षा
Trending

उत्तरांचल विश्वविद्यालय में आस्था और आधुनिकता का संगम, भव्य मंदिर और ‘Gen Z’ पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन

पिता को याद कर भावुक हुए चेयरमैन जितेंद्र जोशी, बोले—यह पोस्ट ऑफिस दिलाएगा उनकी याद

देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को एक अनूठा और भव्य आयोजन देखने को मिला, जहां आस्था और आधुनिकता का संगम साकार हुआ। विश्वविद्यालय में एक ओर जहां भव्य मंदिर का उद्घाटन किया गया, वहीं दूसरी ओर युवाओं को ध्यान में रखते हुए ‘Gen Z’ पोस्टल एक्सटेंशन काउंटर की शुरुआत भी की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड डाक परिमंडल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूरु रहीं, जबकि विश्वविद्यालय संचालन समिति की उपाध्यक्ष अनुराधा जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेन्द्र जोशी ने की और संचालन उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा द्वारा किया गया।

सबसे पहले राजधानी के पहले ‘Gen Z’ पोस्टल एक्सटेंशन काउंटर का उद्घाटन किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय थीम पर आधारित विशेष आवरण और कस्टमाइज्ड ‘माय स्टाम्प’ का भी लोकार्पण किया गया, जिसने कार्यक्रम को खास बना दिया।

इसके बाद परिसर में निर्मित भव्य मंदिर का उद्घाटन हुआ। मंदिर में भगवान शिव परिवार, श्रीराम दरबार, माता सरस्वती और दुर्गा माता की मूर्तियों की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई। मंदिर के उद्घाटन से विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस मौके पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेन्द्र जोशी भावुक भी नजर आए। उन्होंने अपने दिवंगत पिता स्व. सुरेशानंद जोशी को याद करते हुए कहा कि डाक विभाग से जुड़ा उनका जीवन और संघर्ष उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि परिसर में खुला यह पोस्ट ऑफिस उन्हें हमेशा अपने पिता की याद दिलाता रहेगा।

मुख्य अतिथि शशि शालिनी कुजूर ने अपने संबोधन में कहा कि यह ‘Gen Z’ पोस्टल काउंटर केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि पारंपरिक डाक सेवाओं और आधुनिक जरूरतों के बीच एक मजबूत कड़ी है। इससे युवाओं को डाक सेवाओं के साथ-साथ डिजिटल और वित्तीय सुविधाओं से भी जोड़ा जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि इस काउंटर के माध्यम से अब छात्रों को मेल, पार्सल, बचत खाता, मनी ट्रांसफर और आधार अपडेट जैसी सेवाएं परिसर में ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय की बचत के साथ सुरक्षित सरकारी सेवाओं का लाभ भी मिलेगा।

कार्यक्रम में निदेशक डाक सेवाएं अनसूया प्रसाद, प्रवर अधीक्षक डाकघर देहरादून मंडल सचिन चौबे, उपाध्यक्ष अंकिता जोशी, कुलपति प्रो. धर्मबुद्धि और कार्यकारी निदेशक डॉ. अभिषेक जोशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button