शिव मंदिर में डबल मर्डर, एक का गला दबाया दूसरे को चाकुओं से गोदा
सावन के पहले सोमवार शिव मंदिर बना कत्लगाह

हरिद्वार के फूलगढ़ गांव में सनसनी, दोनों साधुओं की हत्या के बाद शव परिसर में दफनाए
हरिद्वार। सावन के पहले सोमवार धर्मनगरी हरिद्वार से एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। पथरी थाना क्षेत्र के फूलगढ़ गांव स्थित शिव मंदिर में रह रहे दो साधुओं की हत्या कर उनके शव मंदिर परिसर में ही गड्ढा खोदकर दबा दिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार, फूलगढ़ गांव के शिव मंदिर में लंबे समय से साधु सेवागिरी और उत्तम गिरी निवास कर रहे थे तथा मंदिर की देखरेख भी वही करते थे। सोमवार को काफी देर तक दोनों साधु दिखाई नहीं दिए तो स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। ग्रामीण जब मंदिर परिसर में पहुंचे और उनकी तलाश शुरू की तो परिसर में एक स्थान पर हाल ही में खुदी हुई मिट्टी दिखाई दी। शक होने पर खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक साधु की गला दबाकर हत्या की गई, जबकि दूसरे साधु पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से दोनों शवों को मंदिर परिसर में ही दफना दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच की गई। पुलिस ने पूरे मंदिर परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर बारीकी से छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान के लिए हर पहलू पर जांच की जा रही है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
सावन के पहले सोमवार शिव मंदिर में हुई इस दोहरे हत्याकांड की घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।



