Breaking Newsउत्तराखंडधर्म/संस्कृति
Trending

देहरादून में बिखौती मेले की धूम, 500 महिलाएं थड़िया-चौफला से सजाएंगी मंच

12 अप्रैल को पूजा विहार में 20 लोक गायक-गायिकाएं और दो दर्जन वादक देंगे रंगारंग प्रस्तुति

देहरादून। राजधानी देहरादून में 12 अप्रैल को उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक बिखौती मेला भव्य रूप में आयोजित होने जा रहा है। पूजा विहार, सेवलाकलां में आयोजित इस मेले में 500 से अधिक महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में थड़िया-चौफला नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक छटा बिखेरेंगी।

नन्दा सुनन्दा कीर्तन मण्डली एवं स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष पूनम ममगाईं ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि इस मेले का उद्देश्य उत्तराखंड की लोक परंपराओं को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दोपहर दो बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से 50 से अधिक कीर्तन मंडलियों की भागीदारी रहेगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय विधायक विनोद चमोली करेंगे। मेले में 20 लोक गायक-गायिकाएं और 20 से अधिक लोक वादक अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों को लोक संगीत की धुनों पर झूमने को मजबूर करेंगे।

पूनम ममगाईं ने कहा कि महानगरों में रह रही महिलाएं भी अपनी लोक संस्कृति से गहराई से जुड़ी हुई हैं और इसे जीवित रखने के लिए सजग हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमारी लोक सांस्कृतिक विरासत ही हमारी पहचान है और इसे बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

पत्रकार वार्ता में गीता ध्यानी, विमला अधिकारी और अनुज वालिया भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button